
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जिलेभर में शुक्रवार को होली का पर्व धूम-धाम से मनाया गया। लोगों में सुबह से ही होली मनाने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। एक- दूसरे पर गुलाल डाली और होली की शुभकामनाएं दी। दोपहर बाद लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर ढूंड उत्सव मनाया।
दरअसल, जालोर सहित जिलेभर में गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे होलिका दहन किया गया। इसके बाद आज सुबह धुलंडी का पर्व मनाया गया। गली मोहल्ले में युवक-युवतियों समेत सभी आयु वर्ग के लोग एक दूसरे के घर पहुंचे और रंग व गुलाल लगाकर होली मनाईं।
ढूंड उत्सव का हुआ आयोजन
दोपहर बाद सभी समाजों व मोहल्लों में ढूंड उत्सव का आयोजन किया गया। है। अलग-अलग समाजों के लोग (गैरिए) एकत्रित होकर परिचितों के घर पहुंचे और चंग की थाप पर गैर नृत्य किया। इस मौके पर छोटे बच्चों की ढूंड पूजा भी की गई। साथ ही महिलाओं ने ढूंड महोत्सव वाले घरों में एकत्रित होकर फाग के गीत गाए और बधाई दी।
इस बीच शाम 3 बजे बाद ढूंड महोत्सव वाले बच्चों को परिजन और परिचित भक्त प्रह्लाद चौक लेकर पहुंचे। जहां होलिका दहन स्थल के चारों और चक्कर लगाने के बाद होलिका व प्रह्लाद का आशीर्वाद दिलाया। इस दौरान जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और जिलेभर में त्योहार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।


