
माउंट आबू की नक्की झील में मिला महिला का शवः बोट की मदद से निकाला बाहर, पहचान के प्रयास करने में जुटी पुलिस
PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-माउंट आबू की नक्की झील में मगरमच्छ गार्डन के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 7:30 बजे कुछ महिलाओं ने झील में तैरता शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना नगर पालिका के सफाई कर्मचारी जगदीश कल्याणा को दी।
जगदीश ने मुख्य जमादार तरुण कुमार को सूचित किया। तरुण ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। थाना अधिकारी प्रदीप डांगा के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक राजाराम और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
नगर पालिका आपदा टीम को भी बुलाया गया। टीम के सदस्य अल्केश गोयर, संदीप, मुकेश परिहार, भरत आदिवाल और हरीश राणा ने बोट की मदद से शव को बाहर निकाला। शव को ग्लोबल अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखा गया है।
सहायक उप निरीक्षक राजाराम के अनुसार, मृतका की पहचान के लिए माउंट आबू के सभी होटलों और आसपास के क्षेत्रों से लापता व्यक्तियों की जानकारी इकट्ठा की जा रही है। पास के सभी थानों को भी सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले की हर दिशा में जांच कर रही है और जल्द से जल्द मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


