भजनलाल कैबिनेट का जल्द होगा फेरबदल ! पूर्व मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत सहित इन विधायकों को मिल सकती है जिम्मेदारी; कही मंत्रियों को संगठन की मिल सकती जिम्मेदारी
PALI SIROHI ONLINE
पिन्टू अग्रवाल
राजस्थान में भजनलाल सरकार मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चा के बाद प्रदेश के मंत्रियों के दिल्ली दौरे शुरू हो गए हैं। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा आज दिल्ली दौरे पर हैं। बताया जा रहा है कि भजनलाल मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिल चुकी है। ऐसे में 30 अप्रेल से पहले फेरबदल देखने को मिल सकता है। जिसमें कई चेहरे को मौका मिलेगा तो वहीं, आधा दर्जन मंत्रियों को संगठन में शिफ्ट किया जा सकता है। चूंकि कई मंत्रियों के परफॉर्मेंस से केंद्रीय नेतृत्व नाखुश है।
प्रदेश में मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर शीर्ष नेतृत्व की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को फ्री हैंड दिया गया है। ऐसे में सीएम परफॉर्मेंस के अनुसार मंत्रियों को प्रमोट कर सकते हैं। बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत, केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम, निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
इसके अलावा कुछ राज्य मंत्रियों का प्रमोशन भी लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग को प्रमोट किया जा सकता है। इसके साथ ही कई विधायकों को संसदीय सचिवों की भी जिम्मेदारी दी जाएगी।
CM के दिल्ली दौरे के बाद होगा फेरबदल
सियासी हलकों में चर्चा है कि मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा इसी हफ्ते एक बार फिर दिल्ली जा सकते हैं। दिल्ली से ही नामों पर मुहर लगेगी। मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने के बाद फेरबदल की घोषणा होना तय है। गौरतलब है कि सीएम ने शुक्रवार को दिल्ली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय केशव कुंज में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाक़ात की। जिसके बाद सीएम ने भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय पहुंचकर भाजपा संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की थी।